कुरुक्षेत्र। ढाई साल पहले धोखाधड़ी से प्लॉट की रजिस्ट्री अपने नाम पर कराने के मामले में पुलिस ने सातवें आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान तरसेम हाल निवासी बुटाना (करनाल) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 10 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
थाना सदर थानेसर में 27 दिसंबर 2021 को दर्ज शिकायत में प्रवेश रानी निवासी निसिंग (करनाल) ने बताया था कि उसने सेक्टर-तीन कुरुक्षेत्र में एक प्लॉट खरीदा था। उसने वर्ष 2010 में ही उस प्लॉट पर 25 प्रतिशत हिस्से का निर्माण कर लिया था। उस मकान का बिजली, पानी व सीवरेज का कनेक्शन भी उसके नाम पर ही है। उसने मकान को एक व्यक्ति को किराए पर दिया था। वह समय पर अपने किराए की अदायगी कर रहा था लेकिन दिसंबर 2021 में उसने किराया देने से मना कर दिया था। बातचीत में बताया कि उसी ने अपने मकान को नीनू रानी को बेचा है। अब नीनू रानी उस पर किराया लेने का दबाव बना रही है। उसने इस संबंध में एचएसवीपी कार्यालय से पूछताछ की तो पता चला कि मकान नीनू रानी के नाम पर ट्रांसफर हो गया है। जांच में पता चला कि महिला ने मिलीभगत से फर्जी कागजात तैयार करके धोखाधड़ी से रजिस्ट्री अपने नाम पर कराई है। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने करते हुए महिला को गिरफ्तार करके पांच दिन के रिमांड पर लिया था। 13 जनवरी 2022 को आरोपी अंकित निवासी पोपड़ा, दिलशाद हाल किरायेदार काछवा रोड (करनाल), 16 जनवरी को चौथे आरोपी जय सिंह निवासी सेक्टर-तीन, 15 फरवरी को आरोपी विरेंद्र उर्फ लाला हाल निवासी सेक्टर-आठ को गिरफ्तार किया था। वीरेंद्र का फर्जी नाम सुनील कुमार था। 14 जून को पुलिस ने छठे आरोपी अशोक कुमार निवासी जलालुद्दीन माजरा को गिरफ्तार करके कब्जे से 30 हजार रुपये और एक मोबाइल बरामद किया था। अब मामले में आगामी कार्रवाई करते हुए सातवें आरोपी तरसेम को गिरफ्तार किया गया। अभी मामले की जांच जारी है।