संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सुबह से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला, जिसके चलते तेज हवाएं चलती रही और आसमान में बादल छा गए। जबकि हल्की धूप खिलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। दोपहर तक आसमान में हल्के बादल छाए रहे और धूप का असर भी कम ही नजर आया। अगले दो दिन बारिश की संभावना है।
दोपहर बाद मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिला, आसमान पूरी तरह से साफ हो गया और तेज धूप खिलने लगी। तेज धूप खिलने के चलते तापमान में बढ़ोतरी होने लगी। मौसम साफ होने के चलते बाजारों में भी रौनक बढ़ी और लोग बाजारों में खरीदारी करने के लिए पहुंचें। हालांकि किसानों का कहना है कि तेज धूप खिलने से बढ़ा हुआ तापमान गेहूं के साथ-साथ अन्य फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
शनिवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि रविवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा और अधिकतम तापमान 25 डिग्री रहेगा। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश होने के चलते मौसम में फिर से बदलाव होगा और तापमान में कमी देखने को मिलेगी।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. सीबी सिंह का कहना है कि मौसम में बदलाव के चलते अगले दो दिनों बाद हल्की बारिश होने के संभावना बनी हुई हैं। बारिश होने से जहां गेहूं की फसल को फायदा होगा तो वहीं दूसरी फसलों के लिए भी फायदेमंद होगी।