संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। मर्ज करने के नाम पर स्कूल बंद किए जाने का विरोध लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते 16 अक्तूबर को कैथल में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। इसी को लेकर सोमवार को हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक पब्लिक हेल्थ कार्यालय में जिला प्रधान वीरेंद्र गढ़ी रोड़ान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई।
प्रधान रोड़ान ने बताया की सार्वजनिक शिक्षा और स्कूलों को बंद करने के खिलाफ हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ का संघर्ष लगातार जारी है। शिक्षा मंत्री आवास पर राज्य स्तरीय प्रदर्शन और जिलों में प्रदर्शन के बाद 27-28 सितंबर और 2-3 अक्तूबर को सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों के खिलाफ पूरे प्रदेश में रात्रि पड़ाव किए गए, लेकिन सरकार सार्वजनिक शिक्षा को धीरे धीरे समाप्त करने का अड़ियल रवैया अपनाए हुए हैं।
शिक्षा विभाग में पहले तो अव्यवहारिक रेशनलाइजेशन नीति से अध्यापकों की भारी कमी कर दी गई और अब सुनियोजित तरीके से अध्यापक जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी कौशल रोजगार निगम से अस्थाई भर्तियां करनी आरंभ कर दी हैं। जिससे सार्वजनिक शिक्षा का ढांचा धीरे धीरे निजी हाथों में सौंपा जा सके।
राज्य प्रेस सचिव सतबीर गोयत ने कहा की अध्यापक नेताओं पर झूठे मुकदमे वापस लेने, स्कूलों को बंद करने की पॉलिसी वापिस लेने, अव्यवहारिक राशनलाइजेशन नीति वापस लेने आदि मांगों को लेकर 16 अक्टूबर को कैथल में बहुत बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें अध्यापक, अभिभावक, छात्र, बुद्धिजीवी व सहयोगी संगठन शामिल होंगे। बैठक का संचालन जिला सचिव सुदर्शन कुमार ने किया। इस अवसर पर रामेश्वर दास, बलबीर सिंह, नरेश कुमार, सुरेंद्र सैनी, नाथीराम, सुमन प्रकाश, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान ओमप्रकाश जिला कोषाध्यक्ष रावल गुप्ता आदि मौजूद रहे ।