कुरुक्षेत्र। लघु सचिवालय के सभागार में लोकसभा चुनाव के लिए प्रशिक्षण लेते कर्मचारी। संवाद
कुरुक्षेत्र। लघु सचिवालय के सभागार में लोकसभा चुनाव को लेकर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पोलिंग पार्टियों ने हिस्सा लेकर चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से निपटने की जानकारियां हासिल की। इस दौरान पोलिंग पार्टियों को ईवीएम और वीवीपैट को चलाने से लेकर सील करने का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर में एसडीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी सुरेंद्र पाल शर्मा ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े प्रजातंत्र में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने की जिम्मेवारी चुनावी प्रक्रिया में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों के कंधों पर है। ऐसे में हमारी भूमिका पूर्णत: निष्पक्ष रहनी चाहिए। चुनाव में अपनी ड्यूटी देना गर्व का विषय है और इसे हमें देश के प्रति कर्तव्य मानकर निभाना चाहिए।
ट्रेनर गौतम दत्त ने कहा कि हमें निर्वाचन आयोग की प्रत्येक गाइडलाइन का पालन करते हुए चुनाव को निष्पक्षता के साथ संपन्न करवाना है और इसके लिए हमारे द्वारा चुनावी प्रक्रिया की हर गतिविधि को पारदर्शी तरीके से अपनाना है। चुनाव शुरू होने से पहले किया जाने वाला मॉक पोल चुनाव को पारदर्शी बनाने की सबसे अहम कसौटी है। चुनाव आयोग की हिदायत अनुसार मॉक पोल के दौरान 50 वोट डलवाना सुनिश्चित करें।
पीओ तथा एपीओ अपने स्तर पर मतदान केंद्र के निर्धारित स्थान में बदलाव नहीं कर सकते। अपरिहार्य स्थिति में इसके लिए उन्हें पहले सहायक निर्वाचन अधिकारी को बताना होगा। ऊपर से मंजूरी मिलने पर ही इस दिशा में कोई कदम उठाया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान मतदान खत्म होने पर ईवीएम और वीवीपैट को सील करने के तरीके की जानकारी भी दी गई। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान सभी पोलिंग पार्टियों को मतदान से एक घंटा पहले मॉक पोल की प्रक्रिया को एजेंटों की मौजूदगी में पूरा करने की जानकारी दी गई।
कुरुक्षेत्र। लघु सचिवालय के सभागार में लोकसभा चुनाव के लिए प्रशिक्षण लेते कर्मचारी। संवाद