कुरुक्षेत्र। दोस्त से मिलने की बात कहकर सूरज सुबह सात बजे अपने भाई की बाइक लेकर गया था। साेमवार रात परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिल गई। सुंदरपुर गांव के रहने वाले सूरज की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो चिकित्सकों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने सूरज के भाई के बयान पर उसके दोस्त शुभम सहित अन्य के खिलाफ हत्या एससीएसटी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, साथ ही पुलिस विसरा केमिकल जांच के लिए भेजेगी। हालांकि पोस्टमार्टम से सूरज की मौत की वजह सामने नहीं आई है।
बता दें सोमवार देर रात सेक्टर-17 में फूड मार्केट के पास से बाइक सवार दो युवक कपड़े में सूरज का शव फेंककर फरार हो गए थे। युवकों की बाइक बेकाबू होकर मार्केट के पास गिर गई थी। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मामले की जांच के लिए पुलिस घटनास्थल के साथ आसपास से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में सुरेंद्र निवासी सुंदरपुर ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब सात बजे उसका भाई सूरज (25) उसकी बाइक लेकर गया था। सूरज ने उसे बताया था कि शुभम निवासी झांसा रोड पर रविदास चौक के पास जा रहा है। शुभम ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बेरहमी से उसके भाई की हत्या कर दी।
आरोपियों ने सूरज के शव को खुर्दबुर्द करने का प्रयास भी किया। आरोपी उसके भाई के शव को कपड़े में लपेटकर बाइक पर रखकर जा रहे थे, मगर किसी कारण उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी, जिसके बाद आरोपी सूरज के शव को छोड़कर फरार हो गए थे। सूचना के बाद वह मौके पर पहुंचे और सूरज को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया, मगर चिकित्सकों ने सूरज की मौत की पुष्टि कर दी। शिकायत पर पुलिस ने शुभम को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ भादसं की धारा 302, 201, 120 बी और एससीएसटी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
डीएसपी करेंगे मामले की जांच
थाना सुभाष मंडी चौकी इंचार्ज नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दो चिकित्सकों के पैनल से सूरज के पोस्टमार्टम कराया है। हालांकि अभी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। साथ ही विसरा केमिकल जांच के लिए भेजा जाएगा। उससे सूरज की मौत की वजह उजागर होगी। मामले में एससीएसटी जुड़ने के कारण डीएसपी अशोक कुमार को जांच की सिफारिश की गई है। साथ ही पुलिस मामले से जुड़ी कोई फुटेज जुटाने का प्रयास कर रही है।