कुरुक्षेत्र। उमरी गांव में शुक्रवार शाम घर में घुसकर ट्रक चालक सुभाष (48) की हत्या करने के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश से मुख्य सूत्रधार गर्वित उर्फ प्रिंस को कारागार भेज दिया तथा फायरिंग करने के आरोपी शिवम उर्फ काली को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस यूपी और उत्तराखंड में दबिश दे रही है। आरोपियों ने रंजिशन सुभाष, उसकी पत्नी सुमन और बेटी खुशी को निशाना बनाया था।
थाना सदर में दर्ज शिकायत में सुमन ने बताया था कि शुक्रवार शाम करीब 5.20 बजे पर दो बाइक पर गर्वित, शिवम, हिमांशु, गौरव तथा केशव उनके घर आए थे। इन सभी आरोपियों के पास पिस्टल थी। गर्वित, शिवम व हिमांशु ने घर में घुसकर उसके पति सुभाष, बेटी खुशी के साथ उस पर फायरिंग की थी। इसमें उसका पति और वह जख्मी हो गए थे, जबकि बेटी खुशी बाल-बाल बच गई थी। अस्पताल में उपचार के दौरान उसके पति की मौत हो गई थी। शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत उपरोक्त आरोपियों को नामजद किया था। मामले की जांच करते हुए सीआईए-दो ने करते हुए आरोपी गर्वित और काली को गिरफ्तार किया था।
आरोपी के कब्जे से मोबाइल बरामद
सीआईए-दो के प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि आरोपी गर्वित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल बरामद किया गया है। आरोपी गर्वित को कारागार भेज दिया है तथा काली को चार दिन के रिमांड पर लिया है ताकि उससे वारदात में इस्तेमाल बाइक और पिस्टल बरामद की जा सके। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस उत्तराखंड और यूपी में दबिश दे रही है। फायरिंग करने वाले एक और आरोपी की पहचान हो चुकी है।