संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गत सप्ताह उमरी में हुए सुभाष हत्याकांड मामले में फायरिंग करने के आरोपी शिवम उर्फ काली को पुलिस ने अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है। चार दिन के रिमांड के दौरान आरोपी काली निवासी सेक्टर-तीन से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक, एक देसी कट्टा, पिस्टल व दो कारतूस बरामद किए। इस मामले में पुलिस हत्या की योजना बनाने वाले गर्वित उर्फ प्रिंस निवासी सेक्टर-30 और काली को जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में सुमन निवासी उमरी ने बताया था कि 19 जनवरी शाम करीब 5.20 बजे गर्वित, शिवम, हिमांशु, गौरव तथा केशव पांचों पिस्टल के साथ उसके घर आए थे। गर्वित, शिवम, हिमांशु ने उनके घर के अंदर दाखिल होकर उसके पति सुभाष को बातचीत के लिए बुलाया था। वह अपने पति सुभाष व बेटी खुशी के साथ आए तो आरोपियों ने उन पर गोलियां चलाई थी। इस हमले में उसके साथ उसके पति गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। अस्पताल में उपचार के दौरान उसके पति सुभाष की मौत हो गई थी। आरोपियों ने करीब चार महीने पहले हुए झगड़े की रंजिश में उन पर हमला किया था। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच सीआईए-दो ने करते हुए आरोपी गर्वित और काली को गिरफ्तार किया था। गर्वित से मोबाइल बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया था तथा फायरिंग में शामिल काली को चार दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक, देसी कट्टा, पिस्टल और दो कारतूस बरामद कर आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।