कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान में मीडिया प्रोडक्शन कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला में विद्यार्थियों को पॉडकास्ट निर्माण, एंकरिंग, वीडियो एडिटिंग और डिजिटल कंटेंट तैयार करने की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने कहा कि मीडिया उद्योग को प्रशिक्षित और प्रतिभावान युवा उपलब्ध कराना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि मीडिया क्षेत्र में सफलता के लिए तकनीकी दक्षता के साथ रचनात्मक सोच और व्यावहारिक अनुभव भी जरूरी है। प्रो. पूनिया ने बताया कि कार्यशाला से प्रशिक्षित विद्यार्थी विश्वविद्यालय के केयूके पॉडकास्ट, केयूके न्यूज और मीडिया चौपाल जैसे मंचों से जुड़कर विश्वविद्यालय की गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाएंगे। कार्यशाला के संयोजक डॉ. आबिद अली ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की मीडिया प्रोडक्शन और सोशल मीडिया प्रबंधन से जुड़ी दक्षताओं को मजबूत करना है। कार्यशाला में मीडिया, ग्राफिक्स एवं एनीमेशन तथा प्रबंधन विभाग के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।