कुरुक्षेत्र। विद्यार्थी ऑनलाइन शिक्षा प्राप्त करने के िलए ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। ऑनलाइन कोर्सों में ऑफलाइन कोर्सों के बराबर ही विभिन्न कोर्सेज में करीब छह हजार आवेदन आ चुके हैं। इस आंकड़े से पता चलता है कि विद्यार्थियों में ऑनलाइन कोर्सेज के प्रति उत्साह है, जिससे वह अपने कार्य के साथ-साथ पढ़ाई भी पूरी कर सकेंगे। देश-विदेश के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) में ऑनलाइन और ओपन डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) मोड के माध्यम विभिन्न कार्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन 30 सितंबर तक मांगे गए है, अभी आवेदन अंतिम तिथि को करीब 12 दिन बाकी हैं लेकिन केंद्र द्वारा 19 ऑनलाइन कोर्स कराए जा रहे हैं। केंद्र की निदेशक प्रो. मंजुला चौधरी ने बताया कि विद्यार्थियों का ऑनलाइन कोर्सों की ओर उत्साह है, जिसका परिणाम है कि दाखिले की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
पूरे विश्व में ऑनलाइन शिक्षा वर्तमान समय की मांग बन चुकी है।
इसी को देखते हुए कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र द्वारा 19 ऑनलाइन प्रोग्राम्स शुरू किए गए हैं, जिसमें दाखिले से लेकर एवं परीक्षा परिणाम की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन आधारित है।
19 ऑनलाइन प्रोग्राम्स में तकनीकी प्रोग्राम्स को भी शामिल किया गया है, जिसमें अभ्यर्थी सर्टिफिकेट प्रोग्राम्स इन टेक्नाेलॉजी में इंटरनेट ऑफ थिंग (ओटी), ब्लॉक चेन मैनेजमेंट, फुल स्टैक डेवलपमेंट तथा क्लाउड कंप्यूटिंग प्रोग्राम्स में दाखिले के लिए निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।