कुरुक्षेत्र। मांगों को लेकर दिल्ली में जंतर मंतर पर बैठे पहलवानों के समर्थन और भाजपा सांसद और कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर भगवान परशुराम कॉलेज के बाहर छात्र युवा संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने नारेबाजी करते हुए रोष जताया। साथ ही कहा कि देश का मान सम्मान बढ़ाने वाली बेटियों को जल्द न्याय नहीं मिला तो दिल्ली की ओर कूच करेंगे।
केयू के छात्र संगठन छात्र युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष भारत बराड़ ने कहा कि केंद्र सरकार एक ऐसे नेता को बचाने में लगी हुई है जिस पर पहले से ही कई संगीन धाराओं में आरोप हैं। पिछले कुछ दिनों में देश का मान सम्मान बढ़ाने वाली बेटियां जंतर मंतर पर धरने पर बैठकर न्याय मांग रही हैं, जो कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली वाली केंद्र सरकार की जमीनी हकीकत को जाहिर करती है।
छात्र युवा संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष अनिकेत सिंह ने कहा कि भगवान परशुराम कॉलेज की छात्र युवा संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने पहलवानों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया है। भाजपा के सांसद बृजभूषण की तुरंत गिरफ्तारी करने व कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद से तुरंत बर्खास्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर पहलवानों कोई न्याय नहीं मिला तो पूरे प्रदेश के छात्र दिल्ली की ओर कूच करने पर मजबूर होंगे। इस मौके पर राहुल, अभिषेक, साहिल, अनुराग, लविश, मोहित कश्यप, अमनदीप सिंह, पंकज, अंजली, अंकिता सहित अन्य मौजूद रहे।