संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। गलेडवा गांव में संदिग्ध परिस्थिति में जहरीला पदार्थ निगलने से एक छात्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपनी मां को अपने मायके से घर बुलाने के लिए दबाव बनाना चाहता था, जिसके लिए उसने सल्फास की आधी गोली निगल ली थी। मृतक की शिनाख्त हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी 19 के रूप में हुई। हैप्पी आईलेट्स का कोर्स कर रहा था। पुलिस ने इत्तेफाकिया रपट दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक हैप्पी के माता-पिता के बीच अनबन चल रही थी। करीब तीन साल से उसकी माता अपने मायके में रह रही थी। वह अपनी माता को अपने घर बुलाना चाहता था। इसलिए उसने माता को डराने के लिए कहीं से सल्फास की आधी गोली निगल ली, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने उसे तुरंत पिहोवा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि मरने से पहले हैप्पी ने पुलिस के समक्ष अपने बयान कलमबद्ध कराए थे। इस घटना में उसने किसी को कसूरवार नहीं ठहराया। सदर पिहोवा पुलिस ने इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।