लाडवा। लाडवा- रादौर रोड स्थित प्राचीनतम माता बाला सुंदरी मंदिर से चार दिन पहले हुई लाखों रुपये के आभूषणों की चोरी की गुत्थी को पुलिस ने ट्रेस करते हुए आभूषणों को बरामद कर लिया है। लेकिन आरोपी चोर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
थाना प्रभारी प्रेमचंद ने बताया कि पुलिस इस मामले में लगातार मिल रहे इनपुट पर काम कर रही थी। इसी के चलते शुक्रवार शाम लगभग चार बजे वह अपनी टीम के साथ मंदिर परिसर में जांच-पड़ताल कर रहे थे। तभी मंदिर के पीछे झाड़ियां साफ कर रहे मजदूर संदीप को झाड़ियों में एक कपड़े का सफेद रंग का थैला पड़ा दिखाई दिया। उसने आवाज लगाकर पुजारी व पुलिस को सूचित किया।
थैले को चेक करने पर उसमें सोने का मुकुट, चांदी का मुकुट, छत्र, हार, बूंदे आदि जेवरात मिले। पुलिस ने आभूषणों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। विदित रहे की 28 अगस्त की रात्रि मंदिर के पीछे चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर माता बाला सुंदरी के शृंगार के गहनों पर हाथ साफ कर दिया था। वारदात का पता सुबह उस समय चला जब मंदिर परिसर में सो रहे पुजारी की सुबह साढ़े चार बजे आंख खुली। उसके बाद घटना की जानकारी अन्य पुजारियों व पुलिस को दी गई।
हमें नहीं है किसी पर कोई शक
मंदिर के पुजारी सुरेंद्र जैनपुर, हरी राम, रिशिपाल, कुलदीप आदि ने बताया कि माता रानी की कृपा से उन्हें सभी आभूषण बरामद हो गए हैं। आभूषण मिलने से मंदिर के सभी पुजारी खुश हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी भी व्यक्ति पर कोई शक नहीं है। इनकी कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
थाना प्रभारी प्रेमचंद ने बताया कि वीरवार को मंदिर के सभी नए- पुराने पुजारियों की एक मीटिंग थाना परिसर में ली थी। उन्होंने माता- बाला सुंदरी का वास्ता देकर सभी पुजारियों जांच में सहयोग करने की अपील भी की थी। उन्होंने कहा कि सभी आभूषणों को बरामद कर लिया गया है आगे की जांच जारी है।