लाडवा। घटना की जानकारी देता दुकानदार मीनू।
लाडवा। कस्बे में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग भयभीत हैं। शनिवार देर रात भी चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर जाते हुए दुकानदार का वाईफाई व कैमरे भी तोड़कर फरार हो गए। पुलिस को दी शिकायत में सुखपाल उर्फ मीनू निवासी बन ने बताया कि उसकी रादौर रोड पर चाय की दुकान है। शनिवार रात वह अपनी दुकान को अच्छी तरह से बंद करके गया था। रविवार सुबह पड़ोसी ने सूचना दी कि उसकी दुकान का शटर टूटा हुआ है।
सूचना पर वह मौके पर पहुंचा तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पाया तो दुकान पर लगा सीसीटीवी कैमरा भी टूटा हुआ मिला। दुकान से बीड़ी-सिगरेट, वाईफाई, कैमरे की चिप व अन्य सामान चोरी हो गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, हिनौरी चौक स्थित रविदास मंदिर में चोरी करने का प्रयास किया गया, जिसमें दो युवकों को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। शिकायत में रोशन लाल निवासी वार्ड-10 ने बताया कि वह गुरु रविदास मंदिर हिनौरी चौक लाडवा का प्रधान है। सुबह करीब चार बजे उसने तथा राहुल ने मंदिर को आकर खोला तो मंदिर के पीछे की तरफ दो युवक दिखाई दिए। उनको पकड़कर पूछताछ की गई तो उनकी पहचान राहुल निवासी मथाना तथा अंकुश निवासी भूत माजरा के रूप में हुई। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।