भारतीय खेल प्राधिकरण कुरुक्षेत्र की वालीबॉल टीम ने हिमाचल प्रदेश के सोलन में विभिन्न राज्यों की 17 टीमों को हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया है। इस टीम के कुरुक्षेत्र पहुंचने पर साई प्रभारी कुलदीप सिंह और अन्य प्रशिक्षकों ने जोरदार स्वागत किया। सोमवार को देर शाम साई प्रांगण में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस स्वागत समारोह में साई के इंचार्ज कुलदीप सिंह, सीनियर कोच सतपाल सिंह, सेवानिवृत्त चीफ कोच गुरविंद्र सिंह, सोहन लाल, अरुण सहित अन्य प्रशिक्षकों ने कोच राहुल सांगवान और वॉलीबॉल टीम के सभी सदस्यों का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। साई प्रभारी कुलदीप सिंह ने कहा कि वॉलीबॉल की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। इस टीम के खिलाड़ी अमन कुमार ने अभी हाल में ही जूनियर वर्ल्ड कप में भी भारतीय वॉलीबॉल टीम का प्रतिनिधित्व किया। साई वॉलीबॉल कोच राहुल सांगवान ने कहा कि 19 वर्ष आयु वर्ग की वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन अभी हाल में ही हिमाचल के सोलन जिला में किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की 17 टीमों ने भाग लिया और साई कुरुक्षेत्र की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस टीम के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अमन कुमार को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ अटैकर तथा शेखर कुमार को सर्वश्रेष्ठ ब्लॉकर का खिताब मिला है। इसके अलावा रवि कुमार, योगेश, जतिन कुमार, दीपांशु, गौरव, मयंक, भानुप्रताप ने भी अपनी अहम भूमिका अदा की है।