कुरुक्षेत्र। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल की देखरेख में 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय परिसर तथा उपमंडलीय न्यायालय शाहाबाद एवं पिहोवा में किया जाएगा। प्राधिकरण सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने बताया कि लोक अदालत में परक्राम्य लिखित अधिनियम, 1881 की धारा 138 के तहत लंबित चेक बाउंस मामलों का आपसी समझौते से निपटारा किया जाएगा। इसका उद्देश्य शीघ्र, सरल व सुलभ न्याय उपलब्ध करवाना है। उन्होंने पक्षकारों, अधिवक्ताओं व बैंक प्रतिनिधियों से भाग लेने की अपील की। लोक अदालत के फैसले के विरुद्ध सामान्यतः अपील नहीं होती और नियमानुसार न्यायालय शुल्क वापस मिलता है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 01744-220216 और राष्ट्रीय हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क कर सकते हैं।