संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सूर्यग्रहण मेले को लेकर 24 अक्तूबर की सायं से लेकर 25 अक्तूबर की रात्रि तक पिपली रोड, उमरी रोड, ढांड रोड, पिहोवा रोड की तरफ से वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा सेक्टर 2 व 3 केडीबी वाले रोड पर किसी भी वाहन को चलने की अनुमति नहीं होगी। यह जानकारी मेला प्रशासक एवं अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी एडीसी अखिल पिलानी ने दी।
वे देर सायं लघु सचिवालय में सूर्य ग्रहण मेले को लेकर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले एडीसी अखिल पिलानी ने एएसपी कर्ण गोयल, एसडीएम सोनू राम, जीएम रोडवेज अशोक मुंजाल, नगराधीश चंद्रकांत कटारिया, आरटीए उर्मिल श्योकंद, डीएसपी सुभाष चंद्र, डीएसपी ट्रैफिक डा. शीतल सिंह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर रामकरण व पुलिस अधिकारी राजपाल के साथ मिलकर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाएं रखने को लेकर रूट प्लान तैयार किया।
एडीसी ने शहर वासियों से अपील करते हुए कहा कि 24 अक्तूबर की सायं से लेकर 25 अक्तूबर की रात्रि तक चार पहिया वाहनों का प्रयोग न करके दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि 24 अक्तूबर की सांय से लेकर 25 अक्तूबर की रात्रि तक ढांड रोड से मिर्जापुर अस्थाई बस स्टैंड तक, पिहोवा रोड पर राज पैलेस तक, किरमच की तरफ से एनआईटी दयालपुर तक, पिपली की तरफ से नए बस स्टैंड तक, उमरी की तरफ से विज्डम वर्ल्ड स्कूल सेक्टर आठ तक ही वाहनों का प्रवेश होगा।
इसके बाद रूट को पुलिस की तरफ से डायवर्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि सेक्टर 2 व 3 केडीबी रोड पर किसी भी वाहन को आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इन जगहों से लोगों को ब्रह्मसरोवर के आस-पास तक लाने ले जाने के लिए मिनी बस व ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है। इस मेले को लेकर 260 ई रिक्शा का प्रबंध किया गया है, इसके अलावा 20 मिनी बसें चलाई जाएंगी, इनमें से पांच बसे मिर्जापुर अस्थाई बस स्टैंड से पांच राज पैलेस से चलकर थीम पार्क तक पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि 3 बसे झांसा रोड अस्थाई बस स्टैंड से पुराने बस स्टैंड तक चलेगी और 7 मिनी बसें नए बस स्टैंड से लेकर पुराने बस स्टैंड तक चलेगी। इस मेले को लेकर शहर के चारों तरफ और अंदरूनी इलाकों में कुल 29 पार्किंग बनाई गई है। इस शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस ने बाहर की तरफ 22 और अंदर की तरफ 112 नाके लगाए जाएंगे।
ब्रह्मसरोवर पर गश्त करते घोड़े पर सवार पुलिसकर्मी। संवाद- फोटो : Kurukshetra