संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। लड़ाई-झगड़े के मामले में 40 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में पकड़े गए उपनिरीक्षक बलराज को राज्य चौकसी ब्यूरो की टीम ने शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
रिमांड के दौरान आरोपी से रिश्वत मामले में अन्य कर्मचारियों के शामिल होने के संबंध में पूछताछ की जाएगी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एसआई ने एक डीएसपी के साथ 50 हजार रुपये में सेटलमेंट कराकर मामला रफा दफा करने की बात कही थी। बता दें शुक्रवार को राज्य चौकसी ब्यूरो पंचकूला की टीम ने बहादुरपुरा के अनुज वालिया की शिकायत पर सुभाष मंडी पुलिस चौकी में कार्यरत एसआई बलराज को लड़ाई झगड़े के दर्ज मामले को रफा-दफा करने के लिए 40 हजार रुपये की रिश्वत के साथ रंगे हाथ काबू किया था।
शिकायतकर्ता के खिलाफ जून माह में कृष्णा गेट पुलिस थाने मेें मारपीट का मामला दर्ज है। इसकी जांच एसआई बलराज कर रहा था। राज्य चौकसी ब्यूरो कुरुक्षेत्र के प्रभारी जोगिंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जाएगी कि इस मामले में उसके साथ कोई अन्य तो लिप्त नहीं था।