शाहाबाद। श्रीश्री 1008 माता प्रकाश देवी की 20वीं पुण्यतिथि को समर्पित श्री शतचंडी महायज्ञ गांव गुमटी में गुमटी माता मंदिर में रविवार को शुरू हुआ। श्री श्री 1008 माता श्री देवी और श्री जागृति के सानिध्य में महायज्ञ में उत्तर भारत के अलग-अलग जिलों से आए 21 ब्राह्मणों ने दशमांश यानि दुर्गाशप्तशती के पाठ आरंभकर मंत्रों की आहुतियां यज्ञ कुंड में समर्पित की। यज्ञ के दौरान रविवार देर शाम महाआरती भी हुई, जिसमें गुमटी गांव के ग्रामीणों सहित अलग-अलग राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
मंदिर के सेवादार कमल चुघ ने बताया कि यह भव्य आयोजन 13 मार्च तक चलेगा और रोजाना मंदिर प्रांगण में महायज्ञ होगा। कमल चुघ ने बताया कि विश्व कल्याण के लिए शुरू हुए इस महायज्ञ के साथ रोजाना शाम पांच बजे महाआरती होगी और रोजाना शाम छह बजे विशाल लंगर का भी आयोजन होगा। इसके अलावा श्री शतचंडी महायज्ञ को समर्पित विशाल भजन संध्या भी 12 और 13 मार्च को मंदिर प्रांगण में करवाई जाएगी, जिसमें शाहाबाद के महंत जगदीश लाल जी के अलावा यमुनानगर, सिरसा, लुधियाना, दिल्ली, कुरुक्षेत्र, पिहोवा, जालंधर और पंचकूला सहित अलग-अलग जिलों से भजन मंडलियां मां भगवती का गुणगान करेंगी। 13 मार्च को सुबह होने वाले विशाल और विशेष भजन कार्यक्रम में साध्वी पूर्णिमा भी शिरकत करेंगी।