कुरुक्षेत्र। अमेरिका भेजने के नाम पर 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने महिला सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोपियों ने युवक को अमेरिका की जगह तंजानिया भेज दिया।
थाना लाडवा में दर्ज शिकायत में राहुल निवासी मेरडा (जींद) ने बताया कि उसकी मुलाकात लाडवा निवासी निखिल से हुई। आरोपी ने उसे मैक्सिको भेजने और वहां से अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया। आरोपी ने इस एवज में छह लाख रुपये एडवांस मांगे थे। अगस्त 2022 को उसने छह लाख रुपये नकद जाकर आरोपी को दिए। आरोपी ने एक हफ्ते के अंदर उसे तंजानिया भेजने की बात कह दी। चार दिन के बाद निखिल ने उसे अंकुश व एक महिला से मिलाया। आरोपियों ने उसे तंजानिया की टिकट दिखाकर साढ़े चार लाख रुपये लिए। तीन नवंबर को उसे तंजानिया भेज दिया, जहां से अंकुश, दलजीत व उनके साथ उक्त महिला एयरपोर्ट पर लेने आए और उसे होटल में ठहरा दिया। आरोपियों ने उसे पांच हजार डॉलर (लगभग साढ़े चार लाख रुपये) मांगे। उसने बकाया रकम अमेरिका पहुंचने के बाद देने की बात कही तो आरोपी भड़क गए। तब उसने घर बात करके साढ़े चार लाख रुपये का इंतजाम कर अंकुश व दलजीत के कहने पर निखिल को पहुंचाए। उसके बाद आरोपियों ने उसे डरा धमकाकर उससे 1290 डॉलर छीन लिए और उसे वापस इंडिया भेज दिया। पैसे मांगने पर आरोपी उसे जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।