कुरुक्षेत्र। विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण में मतदाता सूची को शुद्ध व निष्पक्ष तैयार करने पर जोर दिया गया। एसडीएम अमन कुमार ने बुधवार को थानेसर विधानसभा के सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, बीएलओ और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया। मास्टर ट्रेनर सुनील मराठा ने दावे, आपत्तियों का निपटान, नए वोट बनाने और त्रुटियां ठीक करने का प्रशिक्षण दिया। 31 जुलाई को ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होगी, जिसे राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराया जाएगा। कमियों को दुरुस्त करने के लिए 31 जुलाई से 30 अगस्त तक एआरओ को आवेदन जमा किए जा सकते हैं। तीन अक्तूबर को फाइनल सूची प्रकाशित की जाएगी। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। नए मतदाता एक जुलाई को 18 वर्ष पूर्ण होने पर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।