कुरुक्षेत्र। ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी प्रमोद कुमार निवासी चोरपुरा जिला करनाल को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अभी तक दो लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों ने मिलीभगत करके धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।
थाना केयूके में 30 जून को दर्ज शिकायत में शुभम चौहान निवासी अमीन ने बताया था कि आरोपी गुरी ने उसे 36 लाख रुपये में ऑस्ट्रेलिया भेजने का आश्वासन दिया था। 23 फरवरी को उसने आरोपी के कहे अनुसार 36 लाख रुपये दिए थे। बाद में आरोपी ने उसे फोन पर बताया था कि वह अभी उसे नहीं भेज पाएगा। बाद में आरोपी ने चार मार्च को दिल्ली बुलाकर वीजा व टिकट देकर 35 लाख रुपये आढ़ती के पास रखवा दिए थे ताकि काम होने के बाद उससे रुपये लिए जा सके। उसके बाद आरोपी ने उसे मुंबई भेज दिया था, जहां उसका वीजा और टिकट नहीं मिली थी, जबकि आरोपियों ने अपने ही जानकार को आढ़ती बताकर 35 लाख रुपये रखवाए थे। इसका खुलासा बाद में हुआ था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आर्थिक अपराध शाखा ने करते हुए आरोपी मंजीत सिंह हाल निवासी जीरकपुर पंजाब को गिरफ्तार किया था। आरोपी मंजीत सिंह के कब्जे से 1.40 लाख रुपये, थार गाड़ी और मोबाइल बरामद हुआ था। आगामी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दूसरे आरोपी प्रमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया।