लाडवा। गांव गोविंदगढ़ में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक ने गली में खेल रही दो साल की मासूम को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों ने बच्ची के शव को थाने में ले जाकर रोष जताया । उन्होंने चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सोमवार देर शाम हुई घटना से घर में मातम का माहौल है।
गांववासी बलविंद्र ने बताया कि सोमवार सायं लगभग छह बजे उनकी दो वर्षीय बेटी दीपांशी गली में खेल रही थी। इस दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने उसकी बेटी को कुचल दिया। वह गांव के लोगों के साथ बेटी को लाडवा के सरकारी अस्पताल में लेकर आया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल में पहुंच गई। मंगलवार सुबह पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। उधर लाडवा थाना प्रभारी राम स्नेही ने बताया कि पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। आरोपी युवक अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
आरोपी की गिरफ्तारी की मांग लेकर शव लेकर थाने पहुंचे परिजन
इस घटना से परिवार के लोगों में भारी गुस्सा है। परिजन पोस्टमार्टम के बाद बच्ची के शव को लेकर थाने पहुंच गए। जहां उन्होंने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने ऐलान किया कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। बाद में थाना प्रभारी ने उन्हें भरोसा दिया कि आरोपी को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा, जिसके बाद परिजन शांत हुए।