संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल ने एक स्कूटी चालक को 10 किलो डोडा/चूरा पोस्त के साथ काबू किया। आरोपी बिजेंद्र सिंह उर्फ विजय निवासी हिंगाखेड़ी अपने घर से नशीला पदार्थ बेचने के लिए निकला था। गुप्त सूचना पर टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की स्कूटी को भी कब्जे में लिया है। आरोपी को पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है।
एएनसी प्रभारी मंदीप सिंह ने बताया कि गांव धुराला बस अड्डे के पास गश्त करते हुए टीम को सूचना मिली थी कि बिजेंद्र सिंह चूरापोस्त बेचने के धंधा करता है। आज भी वह अपनी स्कूटी पर हिंगाखेड़ी से धुराला की तरफ नशीला पदार्थ लेकर बेचने के लिए आएगा। सूचना पर टीम ने गांव हिंगाखेड़ी के पास नाकाबंदी करके जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम को स्कूटी पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। शक होने पर टीम ने उसे काबू करके पूछताछ की तथा तलाशी लेने पर कब्जे से 10 किलोग्राम डोडा,चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना झांसा में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत के आदेश से पांच दिन के रिमांड पर लिया है।