कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल ने स्कूटी चालक को चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी शाहिद उर्फ काकू निवासी बपदी कॉलोनी को अदालत से एक दिन के रिमांड पर लिया है। एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम लाडवा के हिनौरी चौक के पास गश्त कर रही थी तभी टीम को सूचना मिली कि शाहिद चूरापोस्त बेचने का धंधा करता है। वह आज भी अपनी स्कूटी पर चूरापोस्त लेकर बपदी कॉलोनी से सब्जी मंडी की तरफ आ रहा है। इस सूचना पर टीम ने बपदी कॉलोनी के नजदीक नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस ने स्कूटी पर आए व्यक्ति को काबू कर उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर स्कूटी के अंदर से पांच किलो 814 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने स्कूटी को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना लाडवा में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।