शाहाबाद। जिले के एकमात्र गांव जंधेड़ी में सरपंच का उपचुनाव और ब्लॉक के एकमात्र गांव दाऊमाजरा में वार्ड-दो के पंच पद का उपचुनाव रविवार को संपन्न हुआ। लगातार बारिश होने के बावजूद गांव जंधेड़ी और दाऊमाजरा ने ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। जंधेड़ी में ग्रामीणों ने चौधर संजीव कुमार को सौंपी। संजीव कुमार ने 793 वोट हासिल करके अपनी जीत दर्ज की है, जबकि गांव दाऊमाजरा में वार्ड दो की पंच पद उम्मीदवार जसबीरो देवी ने 60 वोट हासिल करके अपनी जीत दर्ज की है।
एसडीएम एवं चुनाव अधिकारी पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि गांव जंधेड़ी में कुल मतदाताओं 1883 में से 1621 ग्रामीणों ने अपने मत का प्रयोग किया है। गांव दाऊमाजरा के वार्ड दो में 115 मे से 94 ग्रामीणों ने मतदान किया है। गांव जंधेड़ी ने संजीव कुमार की जीत के बाद ग्रामीण संजीव कुमार के घर और कार्यालय के बाहर बधाई देने के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार कृष्ण कुमार बेदी और शाहाबाद के विधायक रामकरण ने गांव जंधेड़ी के नवनियुक्त सरपंच संजीव कुमार और गांव दाऊमाजरा वार्ड नंबर दो की जसबीरो देवी की पंच को जीत के लिए बधाई दी ।
गांव जंधेड़ी में मरणोपरांत जीते थे राजबीर सिंह
वर्ष 2022 में हुए सरपंच चुनाव में स्वर्गीय राजबीर सिंह को मरणोपरांत सरपंच पद मिला था। स्वर्गीय राजबीर सिंह पिछले तीन प्लान से सरपंच पद का चुनाव लड़ रहे थे और हर बार उन्हें हार का सामना करना पड़ता था। 28 अक्तूबर को जब राजबीर ने अपना नामांकन भरा, तो परिवार ने जोश के साथ चुनाव प्रचार शुरू कर दिया। मगर इसी बीच एक नवंबर को राजबीर को ब्रेन हेमरेज हो गया। गंभीर अवस्था के चलते राजबीर सिंह को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चार नवंबर को राजबीर सिंह ने दम तोड़ दिया। गांव जंधेड़ी के ग्रामीणों ने एकजुट होकर राजबीर सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए उसे सरपंच चयनित करने का फैसला लिया। राजबीर सिंह ने 103 वोटो से अपनी जीत दर्ज की। उनके विपक्ष में चुनाव में उतरे बलजिंद्र सिंह को हार का सामना करना पड़ा था जबकि इस बार फिर वे मैदान में उतरे, लेकिन जीत नहीं सके। दूसरी और गांव दाऊमाजरा में वार्ड नंबर दो पंच पद हेतु 2022 में किसी ने नामांकन ही नहीं किया था, जिसके अब दो उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दर्ज करवाया और वहां उपचुनाव हुआ।
ये रहे चुनाव परिणाम
गांव जंधेड़ी में सरपंच पद के लिए बलजिंद्र कुमार, संजीव कुमार और प्रवीण कुमार में उपचुनाव हुआ। बलजिंद्र कुमार ने 414, प्रवीन कुमार ने 404 और संजीव कुमार ने 793 वोट हासिल किए। दूसरी और गांव दाऊमाजरा में वार्ड नंबर दो के लिए महिला एससी सीट आरक्षित थी, जिसमे 94 वोट टोटल पोल हुई और उसमे जसबीरो देवी ने 60 और सीमा देवी ने 30 वोट हासिल किए है। यहां चार वोट रद्द हुई ।