लाडवा। गत माह शराब के ठेके से नकदी व शराब चुराने के मामले में पुलिस ने ठेके के सेल्समैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी टीनू निवासी ज्ञान माजरा जिला मुजफ्फरनगर यूपी को अदालत के आदेश से दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस में छह अप्रैल को दर्ज शिकायत में अमनदीप सिंह निवासी संभालखा लाडवा ने बताया था कि उसका हिनौरी रोड पर शराब का ठेका है। उसने अपने ठेके पर अरुण के जरिए टीनू को बतौर सेल्समैन नौकरी पर रखा हुआ था। छह अप्रैल की सुबह उनका एक कर्मी ठेके पर कैश कलेक्शन के लिए गया था। वापस लौटा तो उसने देखा कि ठेके के अंदर का सामान बिखरा पड़ा था तथा गल्ला भी खुला हुआ था। बाद में पता चला कि रात को अरुण व टीनू शराब के ठेके से नकदी के साथ अलग-अलग मार्का की करीब 500 बोतल शराब लेकर फरार हो गए थे। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच सीआईए-दो ने करते हुए आरोपी टीनू को गिरफ्तार कर लिया।