संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पुलिस की सेफ सिटी टीम ने महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया। इसी कड़ी में मंगलवार को नए बस अड्डे पर टीम ने महिलाओं और बच्चों को उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। टीम ने महिलाओं को महिला-विरोधी अपराधों की जानकारी दी और बताया कि पुलिस हर समय उनके साथ है। टीम की महिला सिपाही कुलवंत कौर ने दुर्गा शक्ति एप की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि इसके लाल बटन से तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। महिलाओं को इस एप पर रजिस्टर करने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि अपराधों की सूचना के लिए महिला हेल्प डेस्क, महिला थाना, हेल्पलाइन नंबर 1091 या डायल 112 पर संपर्क करने की जानकारी दी। सेफ सिटी टीम ने सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और डायल-112 की ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा के बारे में भी महिलाओं को जानकारी दी।