संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में इस वर्ष सूर्य ग्रहण का मुख्य केंद्र रहा है इसलिए आध्यात्मिक और वैज्ञानिक दृष्टि से यह एक अद्भुत संगम है। इस सूर्य ग्रहण के प्रभाव को कम करने और मानव कल्याण के लि,ए दूर दराज से आए संत जनों ने ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर विश्व शांति का जप किया है।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद मंगलवार को ब्रह्मसरोवर के तट पर हवन यज्ञ में शामिल होने से पहले पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसके बाद मोक्ष के समय 5 बजकर 39 मिनट पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, स्वामी दीन दयाल पांडे, स्वामी केशवानंद, सांसद नायब सिंह सैनी, सांसद रत्तन लाल कटारिया, राजस्थान कैबिनेट मंत्री रमेश चंद मीणा, विधायक सुभाष सुधा, कैथल से विधायक लीलाराम, सीएम मीडिया कोऑर्डिनेटर जगमोहन आनंद, एडीजीपी श्रीकांत यादव, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक डा. पवन सैनी, प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बडौली, भाजपा नेत्री बंतो कटारिया ने ब्रह्म सरोवर के वीआईपी घाट पर ब्रह्मसरोवर में स्नान किया।
स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि सूर्य ग्रहण के प्रभाव को कम करने और मानव जाति कल्याण के लिए धार्मिक अनुष्ठान में यज्ञ और अखंड पाठ किया गया है। उन्होंने कहा कि सूर्य ग्रहण का कुरुक्षेत्र से हजारों साल से संबंध रहा है। इस पावन धरा पर भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के उपदेश दिए और सूर्यग्रहण के समय भी भगवान श्रीकृष्ण द्वारका से कुरुक्षेत्र आए। इसलिए सूर्य ग्रहण का कुरुक्षेत्र में आध्यात्मिक महत्व भी है और विज्ञान भी इसको सिद्ध कर चुका है।
इस ग्रहण के साथ सकारात्मक भाव जुड़े हुए है, इसलिए हरिद्वार, कुरुक्षेत्र व आसपास के राज्यों से आए साधु-संतों ने ब्रह्म सरोवर में स्नान किया। इस दौरान अंबाला मंडल की आयुक्त रेणु फुलिया, उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया, एडीजीपी की धर्मपत्नी कविता, एडीसी अखिल पिलानी, नारायणगढ़ की एसडीएम आईएएस जया शारदा, एएसपी कर्ण गोयल, एसडीएम सुरेंद्र पाल, नगराधीश चंद्रकांत कटारिया आदि ने भी हवन यज्ञ, पूजा-पाठ में शिरकत की है।
सूर्यग्रहण पर अनुष्ठान जरूरी : सैनी
सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि विश्व कल्याण के लिए सूर्य ग्रहण जैसे अवसरों पर धार्मिक अनुष्ठानों का होना जरूरी है। इन धार्मिक अनुष्ठानों में पूजा अर्चना करके विश्व कल्याण के लिए प्रार्थना की जाती है और इसके सार्थक परिणाम भी सामने आते है। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि पांच हजार वर्ष पहले भगवान श्री कृष्ण ने कुरुक्षेत्र की भूमि से विश्व कल्याण के लिए गीता के उपदेश दिए थे, आज फिर इस गीता स्थली से विश्व कल्याण के लिए महान संतों ने विश्व शांति के लिए पाठ किया है।
सूर्यग्रहण मेले में सूरज को नमन करता साधु। संवाद- फोटो : Kurukshetra
सूर्यग्रहण पर पवित्र ब्रह्मसरोवर पर विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद- फोटो : Kurukshetra
वीआईपी घाट पर स्नान करते सांसद नायब सैनी, विधायक सुभाष सुधा व अन्य। संवाद- फोटो : Kurukshetra