लाडवा। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट के मुंशी से बाइक और नकदी छीनने के आरोप में दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लाडवा पुलिस को सौंपी शिकायत में गांव बकाली निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह एक ट्रांसपोर्ट ठेकेदार फर्म के पास मुंशी के पद पर कार्यरत है। शुक्रवार देर शाम वह अपनी बाइक पर सवार होकर अपने कार्यालय से सीडब्ल्यूसी के गोदामों में लेबर और ट्रक चालक को 36 हजार रुपये देने जा रहा था। जैसे ही वह वेयर हाउस के पीछे वाली गली स्थित दूध डेयरी के पास पहुंचा तो लाडवा के विकासनगर निवासी राहुल व टाटका निवासी बलिंद्र ने अपनी बाइक उसके आगे अड़ा दी और उसके साथ मारपीट कर उससे 36 हजार रुपये व बाइक छीन ली और मौके से फरार हो गए। दोनों आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।