संवाद न्यूज एजेंसी
पिपली। लाडवा रोड से बजीदपुर, बिहोली और बीडीपीओ कार्यालय की ओर जाने वाली सड़क की बदहाली से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस सड़क पर जगह-जगह पर गड्ढे बने हैं। इसके चलते हमेशा हादसे होने का अंदेशा भी रहता है।
यह सड़क कईं गांवों को लाडवा रोड से जोड़ती है। इन गांवों में से एक गांव में खंड का बीडीपीओ कार्यालय भी स्थित है। इसके बावजूद सड़क को ठीक करने की दिशा में प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जबकि इस सड़क से रोज बड़ी संख्या में लोग खंड कार्यालय जाते हैं। खंड कार्यालय के अधिकारी इसे दूसरे विभाग की सड़क बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
ग्रामीण बीर सिंह, रमेश चंद, विकास, बलिंद्र सिंह, पवन, अशोक कुमार व नरसिंह आदि का कहना है लाडवा सड़क से गांव बिहोली जाने वाली सड़क में बने बड़े गड्ढे थोड़ी सी बरसात में ही जलमग्न हो जाते हैं। यह सड़क लाडवा रोड पिपली से बाबैन जाने वाली सड़क को भी जोड़ती है। इस सड़क से बजीदपुर, बिहोली के अलावा ईशरगढ़, कोलापुर, बीड़ मथाना, मुकरपुर, छारपुरा, बोड़ला सहित दर्जनों गांवों के लोग आवाजाही करते हैं।
मेरे पास पिपली खंड अतिरिक्त कार्यभार है। इस बारे में मुझे जानकारी नहीं है। यह सड़क लोक निर्माण विभाग के अधीन है।
-राजन सिंगला खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी
इस सड़क का एस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। जल्दी ही नए सिरे से इसका निर्माण कराया जाएगा। - ललित दून, एसडीओ लोनिवि लाडवा