शहर में बाइक पर खाद लेने आया किसान की ट्रक की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज करके अज्ञात ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को दिए अपने बयान में सर्वजीत पन्नु वासी गांव मांगना ने कहा कि 12 नवंबर को वह तथा उसका पिता देवेंद्र सिंह अपनी-अपनी बाइक पर शहर में खाद लेने के लिए के लिए आए थे। उसके पिता बाइक पर उसके आगे चल रहे थे। जब वह कैथल रोड पर पंप के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार ट्रक ने उसके पिता की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसके पिता बाइक सहित सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ट्रक का अगला टायर उनके सिर से ऊपर से निकल गया। आरोपी ट्रक चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। उसने तुरंत अपने पिता को संभाला और इलाज के लिए कुरुक्षेत्र ले जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही उसके पिता की मृत्यु हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।