लाडवा-हिनौरी मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास दोहती को घर छोड़ने जा रहे नाना की स्कूटी को कैंटर चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से नाना-दोहती सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां नाना ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोहती की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में आरती पुत्री दर्शन लाल वासी जंधेड़ी ने बताया कि वह अपने मामा के घर कलरी जागीर आई हुई थी। उसके नाना पाल सिंह उसे गांव जंधेड़ी छोड़ने के लिए जा रहे थे। शनिवार शाम लाडवा हिनौरी मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप से तेल डलवा कर जैसे ही वह सड़क पर लाडवा की तरफ चले तो कैंटर चालक ने लापरवाही से कैंटर चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर पड़े व उसके नाना वहीं बेहोश हो गए। कैंटर चालक कुछ समय तो उनके पास खड़ा रहा, लेकिन मौका पाकर फरार हो गया। राहगीरों की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया,जहां उसके नाना की गंभीर हालत के चलते एलएनजेपी कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।