संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। बार-बार चेताया, फिर भी समझ में नहीं आया। अब बरसात में कहीं शहर के लोगों को जलभराव का सामना न करना पड़ जाए, क्योंकि शहर में बरसाती नालों की सफाई का काम नगर परिषद के लिए बड़ी चुनौती बन गया। एक माह बीत जाने के बाद भी बरसाती नालों की सफाई का कार्य संपूर्ण नहीं हो पाया। यह हालत तब है जब उपायुक्त और विधायक नगर परिषद के अधिकारियों को मानसून से पूर्व नदी, नाले और नालियों की सफाई के आदेश जारी कर चुके हैं।
वहीं जिला नगर आयुक्त ममता शर्मा भी इस मसले को लेकर परिषद के अधिकारियों के साथ बैठक कर चुकी हैं। इसके बाद भी अभी तक शहर के बरसाती नाले सफाई की बाट जोह रहे हैं। उधर, पांच दिन के बाद प्री-मानसून दस्तक देने वाला है। मौसम विभाग शुक्रवार से लगातार चार दिन भारी बारिश की भविष्यवाणी कर चुका है। अब इतने कम समय में नालों की सफाई का काम असंभव सा लग रहा है।
वहीं रविवार को शहर के विभिन्न बरसाती नालों की स्थिति का जायजा लिया गया तो बेहद चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। शहर के कई नाले ऐसे मिले जो आधे-अधूरे बनाकर छोड़ दिए गए। उनकी भी सफाई का कार्य पूरा नहीं किया गया। देवीलाल चौक, मोहन सिनेमा के पास शास्त्री मार्केट, सेक्टर-30, रोटरी चौक, दुर्गा कॉलोनी और बाहरी मोहल्ले के पीछे बने नाले गंदगी से अटे हुए हैं। चौकाने वाली बात यह है कि थीम पार्क से बिरला मंदिर तक बने नाले का निर्माण अभी तक अधूरा है। इस नाले को दुर्गा कॉलोनी के नाले से जोड़कर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जाना है।
पूरे शहर के पानी को समेटने वाले नाला भी साफ नहीं
बाहरी मोहल्ले के पीछे बने नाले में पूरे शहर का गंदा पानी जाता है, मगर अब तक इस नाले की सफाई का कार्य भी पूरा नहीं हुआ है। यह नाला जगह-जगह से पॉलिथीन, प्लास्टिक के कट्टे, गाद और अन्य तरह की गंदगी से अटा पड़ा है। बरसात में अगर यह नाला ओवरफ्लो हुआ तो इससे जुड़ी कई कॉलोनियां, मार्केट, मोहल्ले व बाजार में जलभराव होना तय है।
कर्मचारी लगातार कर रहे सफाई : बलबीर
थानेसर नगर परिषद के ईओ बलबीर रोहिल्ला ने बताया नप की दो टीम लगातार सफाई का कार्य कर रही हैं। इसके लिए दो दरोगाओं के साथ 15-15 सफाई कर्मियों की टीम बनाई है। कई जगह पर सफाई का कार्य हो चुका है। जल्द ही सभी बरसाती नालों की सफाई करा दी जाएगी।
देवी लाल चौक के पास गंदगी से अटा पड़ा नाला। संवाद- फोटो : Kurukshetra
लक्ष्मण चौक के पास नाले में भरी गंदगी। संवाद- फोटो : Kurukshetra
बिरला मंदिर के पास गंदगी से अटा नाला। संवाद- फोटो : Kurukshetra
दुर्गा कॉलोनी के पीछे गंदगी से भरा बरसाती नाला। संवाद- फोटो : Kurukshetra