बाबैन। भाकियू के अध्यक्ष गुरनाम चढूनी का अभिनंदन करते किसान एवं व्यापारी।
बाबैन। किसान विश्राम गृह में भाकियू की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें यूनियन अध्यक्ष गुरनाम चढूनी ने मुख्य रूप से शिरकत की। इस दौरान चढूनी व जिलाध्यक्ष कृष्ण कलाल माजरा का जोरदार अअभिनंदन किया गया।
गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि सुरजमुखी की फसल का पोर्टल पर पंजीकरण न होने पर किसान अपनी फसल को नहीं बेच पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में अधिकारियों को दो दिन का समय दिया था कि किसानों के पंजीकरण को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि आज फसल का पंजीकरण दुरुस्त करने के लिए पोर्टल खुल गया है और किसानों का पंजीकरण ठीक किया जा रहा है।
गुरनाम सिंह ने कहा कि आज फसलों के दाम न मिलने से किसान बर्बाद हो रहा है वहीं देश में रोजगार न मिलने से युवा वर्ग अपने परिवारों को छोड़कर विदेश की ओर रुख कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज फसलों की लागत तो कई गुणा बढ़ गई है, लेकिन सरकार भावांतर भरपाई योजना की आड़ में एमएसपी को खत्म करने की साजिश रचकर किसानों को बर्बाद करने पर तुली है। उन्होंने कहा कि भाकियू सरकार की साजिशों को कदापि सफल नहीं होने देगी और यदि एमएसपी के लिए देशव्यापी आंदोलन छेड़ना पड़े तो भाकियू पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने शाहाबाद एवं पिपली में सूरजमुखी की फसल का एमएसपी लेने के लिए किसानों द्वारा दिखाई गई ताकत एवं एकता के लिए किसानों का आभार जताया। इस अवसर पर भाकियू के वरिष्ठ नेता सुखविंदर भूखड़ी, लाल सिंह चकचानपुर, सतबीर घिसरपडी, ज्ञान सिंह, गुरदयाल सिंह, जय कुमार हमीदपुर, दर्शन ईशरहेडी, पूर्व मंडी प्रधान लाभ सिंह, मंडी प्रधान हरिकेश सैनी, उपदेश शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद