कुरुक्षेत्र। दिव्यांगों को उपलब्ध कराए गए उपकरण। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। रेडक्रॉस सोसायटी ने जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए। उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि गांव स्तर पर ही आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध करवा दिए जाएं, तो इससे बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता। रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव श्याम सुंदर व उनकी टीम की ओर से पिहोवा उपमंडल के गांवों और शहरों में दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया। पंजीकरण के बाद दिव्यांगजनों की आवश्यकता और इच्छा के अनुसार उन्हें रेडक्रॉस भवन में हाथ से चलने वाली रिक्शा (ट्राइसाइकिल) उपलब्ध करवाई गई। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले का कोई भी वरिष्ठ नागरिक या दिव्यांगजन, विशेषकर दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाला व्यक्ति, किसी भी सुविधा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से घर बैठे पंजीकरण की सुविधा भी शुरू की गई है। जिन दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंगों की आवश्यकता है, उनके लिए रेडक्रॉस सोसायटी में एक कार्यशाला संचालित की जा रही है, जो सप्ताह में पांच दिन कार्य करती है। यहां आधार कार्ड, मेडिकल प्रमाणपत्र और फैमिली आईडी के साथ आने वाले जरूरतमंदों को कृत्रिम हाथ या पैर नि:शुल्क और बिना देरी के उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।