कुरुक्षेत्र। गांव दबखेड़ी के नजदीक बुधवार देर शाम भाखड़ा नहर के किनारे बैठे दो सगे भाई संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक नहर में गिर गए। मौके पर पहुंचे गोताखोर प्रगट सिंह की टीम ने दोनों युवकों को नहर से बाहर निकाला, जिसमें एक 34 वर्षीय युवक वरुण की मौत हो गई और दूसरे युवक को उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती करवाया। सूचना मिलते ही थाना आदर्श पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार तरुण भाटिया व वरुण निवासी धोबी मोहल्ला बुधवार को दबखेड़ी के समीप से गुजर रही भाखड़ा नहर के किनारे बैठे थे। अचानक दोनों नहर में गिर गए और डूबने लगे। नहर के आसपास रहने वाले लोगों ने उनको डूबते देखा तो उन्होंने गोताखोर प्रगट सिंह को सूचित किया। गोताखोर प्रगट सिंह ने मौके पर पुलिस को बुलाया और दोनों युवकों को नहर से बाहर निकाला जिनमें से एक युवक वरुण की मौत हो गई। पुलिस को मौके से स्कूटी भी बरामद हुई है। दूसरे युवक तरुण भाटिया को उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल मेंं भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना केयूके प्रबंधक देवेंद्र कुमार ने बताया कि नहर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके भाई का उपचार चल रहा है। पुलिस गहनता से मामले की जांच में जुटी है। शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखा दिया है, जिसका आज सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।