कुरुक्षेत्र। खाने के पैकिंग पर लगी मतदाता जागरुकता प्रचार सामग्री।
कुरुक्षेत्र। लोकसभा चुनाव में वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। जहां स्वीप गतिविधियों के माध्यम से लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है तो वहीं अब जिला प्रशासन ने मिष्ठान विक्रेताओं से भी वोट प्रतिशत बढ़ाने में सहयोग मांगा है। इसके लिए एक मिष्ठान विक्रेता ने इस पर अमल करना भी शुरू कर दिया है। इस दुकानदार ने मिठाई और अन्य समान खरीदने वाले व्यक्ति को दी जाने वाली पैकिंग पर मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री चस्पाई है। यह मिठाई जिस-जिस घर में पहुंचेगी। उस घर में मतदाताओं को 25 मई के दिन वोट डालने की याद भी दिलाती रहेगी। उक्त जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ. वैशाली शर्मा ने दी।
उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदाताओं को वोट डालने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए स्वीप गतिविधियों को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। इस प्रयोग के तहत ही प्रशासन ने दुकानदारों और व्यापारियों से प्रतिष्ठानों पर आने वाले उपभोक्ताओं को किसी न किसी माध्यम से 25 मई को वोट डालने के लिए प्रेरित करने से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित करने की अपील की है।