कुरुक्षेत्र। जिले की अनाजमंडियों में रविवार को गेहूं की आवक व खरीद बंद रखी गई और उठान कार्य ही किया गया। इसके बावजूद उठान कार्य छह फीसदी ही आगे बढ़ पाया, जिसके चलते देर रात तक कुल 35 फीसदी उठान हो सका वहीं 23 लाख 88 हजार 570 क्विंटल गेहूं खुले आसमान के नीचे उठान की बाट जोह रहा है।
शनिवार देर रात तक जिले की अनाज मंडियाें व खरीद केंद्रों पर 37 लाख 320 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी थी। आवक चरम पर पहुंची हुई है, जिसके चलते अनाजमंडियां गेहूं से लबालब है। उठान धीमा और आवक तेज होने के चलते अनाजमंडियां जाम हो चुकी हैं। ऐसे में रविवार को खरीद व आवक बंद रखने का निर्णय लिया गया तो वहीं केवल उठान कार्य ही किया गया लेकिन मंडियों पर इसका ज्यादा असर दिखाई नहीं दिया। देर रात समाचार लिखे जाने तक 65 फीसदी गेहूं का उठान बाकी रहा।
दिनभर में हुआ दो लाख 34 हजार 570 क्विंटल गेहूं का उठान
रविवार को दिनभर गेहूं उठान का कार्य किया गया, जिसके चलते दो लाख 34 हजार 570 क्विंटल गेहूं का उठान किया जा सका। इसमें खाद् एवं पूर्ति विभाग द्वारा एक लाख 23 हजार 960 क्विंटल, हैफेड द्वारा 99 हजार 800 व वेयर हाउसिंग कारपोरेशन द्वारा 10 हजार 810 क्विंटल गेहूं का उठान किया जा सका। उधर अब तक पूरे सीजन के दौरान खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा छह लाख 87 हजार 810 क्विंटल, हैफेड द्वारा पांच लाख 79 हजार 50 व वेयर हाउसिंग कारपोरेशन द्वारा 42 हजार 680 क्विंटल गेहूं का उठान किया गया है।
आज फिर बढ़ेगा आवक का जोर
रविवार को आवक व खरीद रोक दी गई, जबकि खेतों में गेहूं कटाई कार्य जारी रहा। ऐसे में किसानों ने गेहूं अपने पास ही रोक ली तो वहीं इसके साथ-साथ अगले दिन होने वाली कटाई के बाद भी गेहूं की आवक और बढ़ेगी। ऐसे में आवक का जोर बढ़ेगा तो वहीं किए गए उठान का कोई ज्यादा फर्क दिखाई देने वाला नहीं है।
किए जा रहे भरसक प्रयास : सैनी
जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के नियंत्रक सुरेंद्र सैनी का कहना है कि खरीद के साथ-साथ उठान कार्य भी तेज किया हुआ है। उठान जल्द पूरा हो, इसके लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार मंडियों का दौरा भी अधिकारी कर रहे हैं। हर एजेंसी व ठेकेदार पर निगरानी की जा रही है।