केयू के हॉस्टल मेस में सर्वेंट चार्ज को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को भी छात्र संगठन सड़कों पर उतर आए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रर्दशनकारी छात्रों ने 16 नवंबर तक समाधान नहीं होने पर केयू प्रशासन के खिलाफ कड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
विश्वविद्यालय के छात्र संगठन सीवाईएसएस और सोपू से जुड़े छात्रों ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन पिछले कुछ समय से हर प्रकार की फीस में वृद्धि कर रहा है। हाल ही में हॉस्टल्स के विद्यार्थियों पर सर्वेंट चार्ज लगाकर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों पर आर्थिक बोझ डालने का काम किया है। यह पूरी तरह से गलत है और प्रशासन को इसे वापस लेना होगा। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले संयुक्त छात्र संघर्ष समिति ने सांकेतिक भूख हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन किया था लेकिन अभी तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की मांग को लेकर किसी निर्णय पर नहीं पहुंचा।
छात्र संगठन सीवाईएसएस से केयू अध्यक्ष भारत बराड़ और छात्र संगठन सोपू से छात्र नेता सुमित कौशिक ने कहा कि सर्वेंट चार्ज लगाने से विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा। कुछ विद्यार्थी पहले ही आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा के सपने को साकार नहीं कर पा रहे। यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा कोई भी योजना गरीब वर्ग के विद्यार्थियों के लिए सुचारु रूप से लागू नहीं की गई है, हालांकि यूनिवर्सिटी प्रशासन इन सभी चीजों को लेकर बड़े-बड़े दावे करता है। भारत बराड़ ने कहा कि उनकी मांगे नहीं मानी गई तो सीवाईएसएस और सोपू मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। इस मौके पर छात्र नेता शुभम राणा, प्रवीण, उपकार राणा, लक्ष्य, सचिन और अधिक संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।