कुरुक्षेत्र। आज शनिवार को थीम पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली होगी, जिसके लिए रैली स्थल के आसपास अभेद किला बनाया गया है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की आठ कंपनियां तैनात की गई है। रैली के दौरान शहर में ड्रोन व ग्लाइडर उड़ाने पर पाबंदी लगाई गई है। पुलिस महानिदेशक ने शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इससे पहले पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, एडीजीपी अंबाला रेंज सिबाज कविराज, लॉ एंड ऑर्डर एडीजीपी संजय कुमार व उपायुक्त राजेश जोगपाल ने एनआईटी, यूनिवर्सिटी में बने हेलीपैड, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल, केयूके इंटरनेशनल गेस्ट हाउस, थीम पार्क व अन्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रैली की पूर्व संध्या पर ही पुलिस के जवानों ने दो किलोमीटर तक सुरक्षा की कमान संभाल ली। सेबोटेज टीम चप्पे-चप्पे की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि आठ एसपी, 20 डीएसपी समेत पुलिस की आठ कंपनियां सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगी। इसके अलावा अर्धसैनिक बल और एसपीजी के जवान भी तैनात रहेंगे। रैली स्थल के सभी गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। रैली में जाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को इनके बीच से होकर गुजरना होगा। रैली स्थल के अंदर व बाहर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। बगैर जांच के किसी का भी प्रवेश रैली स्थल में नहीं होने दिया जाएगा। रैली में प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए एसपीजी के जवान भी निगरानी रखेंगे।
बीड़ी, सिगरेट व माचिस तक लाने पर पाबंदी
बताया कि रैली में बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू उत्पाद, बंदूक, गोला-बारूद समेत अग्निशस्त्र, विस्फोटक, आग लगाने वाले उपकरण लाइटर, माचिस ले जाने पर पाबंदी है। किसी प्रकार के हथियार चाकू, लाठी, डंडा, नुकीली और खतरनाक वस्तु, फेंकने वाली वस्तु पानी की बोतल व पत्थर नहीं ले जाने दिया जाएगा। इसके अलावा सादा कागज, स्केच पेन, मार्कर, स्याही की बोतल, प्रदर्शन सामग्री, काले रंग के वस्त्र, लेडीज पर्स व बैग के साथ प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में रहेगा अवकाश
रैली को लेकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन ने शनिवार को अवकाश का एलान किया है। कुवि का द्वितीय द्वार से प्रवेश निषेध रहेगा। केवल थर्ड से ही आवाजाही रहेगी। रैली के दिन थर्ड के अलावा कुवि के सभी अन्य द्वार बंद करने का निर्णय लिया गया है।
यह रहेगा रूट प्लान
-पिहोवा से यमुनानगर व दिल्ली के लिए पिहोवा रोड पर नरकातारी के सामने टी-प्वाइंट से ढांड रोड पर मिर्जापुर टी-प्वाइंट, दयालपुर, किरमिच रोड से होते हुए बीआर चौक से होते हुए जीटी रोड पर।
-यमुनानगर व दिल्ली से पिहोवा व कैथल वाले वाहन चालक 100 फुटा रोड से होते हुए ब्रह्मा चौक, बीआर चौक, किरमिच रोड व दयालपुर के रास्ते मिर्जापुर से होते हुए कैथल व पिहोवा जा सकेंगे।