इस्माईलाबाद। बस स्टैंड के आसपास मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दुकानों के आगे दुकानदारों की ओर से रखे गए सामान को हटाया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर दोबारा से अतिक्रमण किया तो सामान जब्त कर लिया जाएगा। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में उनकी टीम ने कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड पर दुकानदारों व रेहड़ी संचालकों की ओर से हाईवे तक अतिक्रमण किया हुआ है जिसके कारण बस स्टैंड पर जाम की स्थिति बन जाती है। बस स्टैंड पर जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे, इसी उद्देश्य से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि कोई भी दुकानदार व रेहड़ी चालक हाईवे तक अपना सामान न रखे।