पिहोवा। शहरी थाना से चोरी के मामले में पकड़ा गया आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना के बाद से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। आरोपी राहुल मेंटल के खिलाफ पहले भी हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, लूटपाट, आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज है। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी राहुल को पूछताछ के लिए बुलाया था जबकि पुलिस ने ही मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों से पूछताछ के बाद राहुल को सरगना करार दिया था।
मालूम हो 20 फरवरी को खेड़ा मोहल्ला में सुखदुआ समाज की महंत काजल के घर को दिन दहाड़े निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपये की नकदी चुरा ले गए थे। पुलिस ने इस संदर्भ में दो नाबालिगों के अलावा दो अन्य युवकों राहुल व बिजली वाले का लड़का राहुल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने वारदात का मास्टर माइंड राहुल मेंटल को बताया था। उसी के कहने पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरीशुदा कुछ नकदी भी बरामद ली थी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी राहुल मेंटल को काबू किया था। जानकारी के मुताबिक पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी में लगी थी। इसी दौरान आरोपी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और होमगार्ड के जवान को चकमा देकर फरार हो गया। राहुल की फरार होने की खबर जैसे ही शहरी थाना के पुलिसकर्मियों को लगी तो महकमे में हड़कंप मच गया।
पहले भी दर्ज कई आपराधिक मामले
पुलिस थाने से फरार हुए आरोपी राहुल मेंटल के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। विगत कुछ माह पहले पिहोवा के फौजी प्लाट रोड पर हुए गागा हत्याकांड में भी राहुल शामिल रहा, जिसमें वह जमानत पर बाहर है।
पुलिस की कई टीमें दे रही दबिश
थाना शहर प्रबंधक प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।