कुरुक्षेत्र। भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट के प्रदेश प्रवक्ता राकेश बैंस को पुलिस ने देर रात हिरासत में ले लिया है जबकि अन्य कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्त में लेने के लिए छापामारी की जाती रही। इससे यूनियन कार्यकर्ता एवं किसानों में अफरा-तफरी मची रही।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर संपर्क करने पर राकेश बैंस ने बताया कि वह अपने घर पर परिवार के सदस्यों के साथ बैठा था। तभी पुलिस के कई कर्मचारी पहुंचे और उसे हिरासत में ले लिया। उसे थाने ले जाया गया, जहां देर रात तक उसे बैठाए रखा। उन्होंने बताया कि 25 मई को भाकियू की ओर से दिल्ली में धरने पर बैठी महिला पहलवानों का समर्थन किया गया तो वहीं राज्यपाल रहे सत्यपाल मलिक का भी जोरदार स्वागत किया गया था। इसके बाद से ही भाकियू कार्यकर्ता पुलिस के निशाने पर आ गए थे। वहीं रविवार को फिर पहलवानों के समर्थन में दिल्ली जाने की तैयारी थी और इसके लिए पूरी रणनीति भी बना ली गई थी, लेकिन पुलिस ने इसे विफल बनाने के लिए यह कार्रवाई की है। राकेश बैंस ने माना कि पुलिस ने यूनियन प्रधान गुरनाम सिंह चढूनी सहित अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लेने के लिए छापामार की जाती रही। उधर, पुलिस इस मामले पर चुप्पी साधे रही तो वहीं शाहाबाद एसएचओ राजपाल ने मोबाइल कॉल रिसीव की, लेकिन इस संबंध में बताने पर टालमटोल करते रहे।