शाहाबाद। सड़क पर हुड़दंग मचाने वालों पर सख्ती बरतते हुई पुलिस ने दो युवकों को बुलेट से पटाखे बजाने पर 33 हजार और 28 हजार की राशि का चालान किया है। इतना ही नहीं पुलिस ने इन दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में ले लिया है। उल्लेखनीय है कि शाहाबाद के आर्य कन्या महाविद्यालय रोड पर दोपहर के समय कुछ युवक बुलेट पर प्रेशर हॉर्न व पटाखे छोड़ते हुए चलते हैं। इसकी शिकायत शहरी पुलिस चौकी में की गई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए शहरी चौकी प्रभारी नरेश कुमार और जगमिंद्र सिंह की टीम ने सोमवार को कमेटी बाजार, सिविल अस्पताल रोड, आर्य कन्या महाविद्यालय रोड और हनुमान मंदिर चौक पर नाका लगाया और यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले लोगों के चालान काटे।
चौकी प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि हनुमान मंदिर चौक पर नाके के दौरान देखा कि एक बुलेट चालक लगातार पटाखे छोड़ रहा था। पुलिस ने बुलेट को रोका और 33 हजार का चालान किया। वहीं एक युवक अंडर ऐज था और उसके पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही दस्तावेज थे, जिसका 28 हजार की राशि का चालान किया गया है। पुलिस ने कुल 17 चालान किए हैं।