कुरुक्षेत्र। आपरेशन आक्रमण के तहत छान- बिन करते पुलिस कर्मी।
कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस की ओर से ऑपरेशन आक्रमण अभियान चलाया गया। अभियान के लिए पुलिस की 21 टीमें बनाई गई। इन टीम ने अलग-अलग इलाके में जांच करते हुए 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से नशीले पदार्थ और अवैध हथियार बरामद हुए। इसके अलावा पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने पर 164 वाहनों के चालान किए।
पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि ऑपरेशन आक्रमण के लिए गठित टीम के अधिकारी सुबह ही अपने इलाके में छानबीन के लिए निकल पड़े थे। इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने 20 अलग-अलग तरह के मामले दर्ज किए। एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज तीन आरोपियों से 190 ग्राम अफीम व एक किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आर्म्स एक्ट के तहत दो मामले दर्ज कर दो आरोपियों से दो देसी कट्टे और दो कारतूस बरामद हुए। एक आरोपी नशीले पदार्थ के धंधे में संलिप्त तथा एक आरोपी को लूट के मामले में संलिप्त होने पर काबू किया गया।
बताया कि अलग-अलग थाने में आबकारी अधिनियम के तहत 15 मामले दर्ज कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 212 बोतल शराब देसी, 30 बोतल अवैध शराब व 1430 लीटर लाहन बरामद हुआ। जुआ अधिनियम के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से 2840 रुपये बरामद हुए। यातायात पुलिस ने लेन ड्राइविंग नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया। नियमों का पालन न करने पर 80, ओवर स्पीड के 24 तथा अन्य नियमों की अनदेखी करने पर 60 वाहनों के चालान किए गए।