कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन एडहॉक कमेटी पर लगाए जा रहे आरोपों का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को सिख समाज संस्था के प्रधान एवं वरिष्ठ सिख नेता दीदार सिंह नलवी ने भी कमेटी को निशाने पर लेते हुए गंभीर आरोप लगाए। कांबोज धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि गुरुघरों के गुल्लकों को लूटा जा रहा है। न बजट का कोई हिसाब है और न ही इस कमेटी द्वारा आज तक कोई ऑडिट कराया गया है।
उनके अनुसार सब कुछ मनमर्जी से किया जा रहा है। न गुरुद्वारा एक्ट का पालन किया जा रहा है न ही संगत का कोई ख्याल रखा जा रहा है। यहां तक कि कमेटी आज तक कैथल के गढ़ी साहब स्थित गुरुघर, शाहाबाद के मीरी पीरी मेडिकल कॉलेज सहित 20 से ज्यादा संस्थानों व अन्य संपत्तियों को अपने अधीन ले पाई है। कैथल में ही करीब 27 एकड़ जमीन पर एक निजी व्यक्ति द्वारा कब्जा किया हुआ है, जिसे आज तक कमेटी नहीं छुड़वा पाई है। यहां तक कि इसके लिए प्रयास भी नहीं किए गए हैं। ऐसे में कमेटी की सार्थकता क्या है, लेकिन संगत इसका जवाब जरूर लेगी।
नलवी ने कहा कि संस्था ने मार्च 2023 में जो बजट पारित किया उसमें कितनी रकम किस गुरुघर व अन्य संस्थान पर खर्च की जाएगी, किस संस्थान से क्या आमदन हुई, कुछ भी ब्योरा आज तक नहीं दिया गया और यहां तक कि इस बजट के संदर्भ में कोई सूचना सार्वजनिक नहीं की गई। कमेटी ने बिना जरूरत के ही मनमर्जी के चलते कई गाड़ियां खरीद ली हैं। नलवी का कहना है कि कमेटी के प्रधान खुद जब हरियाणा कमेटी के सदस्य बने तो एसजीपीसी के भी सदस्य बने रहे। यही नहीं एक पदाधिकारी व एक सदस्य ने भी अभी तक एसजीपीसी की सदस्यता नहीं छोड़ी है, जो नियमानुसार सही नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने भी इस संस्था के प्रति मनमानी ही बरती है, जिसके चलते आज तक सिख न्यायिक आयोग तक का गठन नहीं हो पाया है। कमेटी आज तक एसजीपीसी द्वारा प्रदेश के गुरुघरों की गुल्लक से ले जाई गई रकम तक वापस नहीं ले पाई है।
नलवी ने फूंका चुनावी बिगुल, 17 योद्धा किए तैयार
नलवी ने हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के होने वाले चुनावों को लेकर बिगुल भी बजा दिया। उन्होंने पत्रकारवार्ता से पहले अपनी संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों के साथ बैठक भी की। जिसमें सभी तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। नलवी ने कहा कि सिख समाज संस्था सभी 40 वार्डों में चुनाव लड़ेगी और इसके लिए 17 उम्मीदवार तय भी कर लिए गए हैं। जल्द ही बाकी उम्मीदवार भी तय कर सभी के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। उन्हें उम्मीद है कि पांच मार्च को चुनाव हो सकते हैं। इसी के दृष्टिगत वे अपनी तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए उनके साथ संस्था के वरिष्ठ उपप्रधान जगविंद्र सिंह माखा, महासचिव कुलवंत नगला, संयुक्त सचिव अतर सिंह, दया सिंह संधु भी कमेटी में शामिल हैं।
उधर, दीदार सिंह नलवी की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर जब एचएसजीपीसी के प्रधान भूपिंद्र सिंह असंध से संपर्क किया तो उन्होंने चुप्पी साध ली। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि कमेटी सही तरीके से अपने कार्यों में लगी है।