कुरुक्षेत्र। नाटक में प्रस्तुति देते कलाकार। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। जीवन में हंसी न हो तो जीवन नीरस हो जाता है। हास्य जहां तनाव को दूर करता है तो वहीं लोगों के अंदर स्फूर्ति भी पैदा करता है। ऐसे में कलाकार जब हास्य के साथ-साथ सामाजिक संदेश लोगों तक पहुंचाकर समाज को आइना दिखाने का काम करते हैं, तो उनकी कला की सार्थकता सिद्ध होती है। उक्त विचार चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष और राष्ट्रपति अवार्डी कलाकार सुदेश शर्मा ने परंपरा आर्ट्स द्वारा टैगोर थियेटर चंडीगढ़ में शुरू किए गए रंग परंपरा नाट्य उत्सव के उद्घाटन पर मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।
उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला व चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी के सहयोग से 25 से 31 दिसंबर तक चलने वाले नाट्य उत्सव के पहले दिन न्यू उत्थान थियेटर ग्रुप कुरुक्षेत्र के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिसमें विकास शर्मा के लेखन व निर्देशन में हास्य नाटक गई भैंस पानी में का मंचन किया। नाटक के माध्यम से बड़े ही रोचक ढंग से साइबर क्राइम से बचने का संदेश दर्शकों को दिया गया। नाटक में एक ऐसे परिवार में घटित घटना को दिखाया गया, जो लालच में आकर गरीब बनने का ढोंग करते हुए साइबर क्राइम के शिकार हो जाते हैं।
नत्थू और फुल्लो का बेहद अमीर परिवार है, जिसमें उनके दो बेटे और एक बहन भी साथ रहती है। एक दिन एक साइबर ठग गांव की भोली-भाली जनता को गुमराह करके अमीर बनाने का सपना दिखा देता है, जिसके कारण फुल्लो और उसका परिवार अमीर होते हुए भी गरीब बनने का ढोंग करते हैं। परिवार का प्रत्येक सदस्य हास्य और हाजिर जवाबी के अंदाज में अपने-अपने ढंग से साइबर ठग को अपनी गरीबी का प्रमाण देता है। अंत में साइबर ठग साइबर क्राइम के जरिए नत्थू के परिवार के लोगों से 30 हजार रुपये ठग लेता है। बाद में उसे पुलिस पकड़ लेती है, और नत्थू के परिवार को साइबर क्राइम के बारे में सचेत करती है। इस मौके पर अभिषेक शर्मा, राजेश आत्रेय, पवरुण शर्मा, राजेश, अमरलाल बब्बर सहित अन्य मौजूद रहे।