कुरुक्षेत्र। पे स्केल की मांग को लेकर जिलेभर के 62 पटवारी और 17 कानूनगो सोमवार को भी हड़ताल पर रहे, जिसके चलते पटवार भवन खाली नजर आए। पटवार भवन में काम कराने पहुंचे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा और खाली हाथ ही मजबूर होकर घरों को लौटना पड़ा। दि पटवार कानूनगो एसोसिएशन के बैनर तले जिलेभर के पटवारियों और कानूनगो ने पटवार भवन परिसर में दिनभर जमकर नारेबाजी कर रोष जताया।
हड़ताल के चलते अब तक 1600 से ज्यादा रजिस्ट्रियां अटक चुकी हैं, जबकि खेतों पर होने वाले लोन, जमाबंदी, नकल के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि किसी भी गांव की पूरे पांच साल बाद जमाबंदी होती हैं, जिसमें सभी इंतकालों पर अमल होता है और अधिकारियों की ओर से इस काम को पूरा करने के लिए सिर्फ 10 से 15 दिन का समय दिया जाता है। जबकि नियम लैंड में इस काम को करने का समय एक साल तय किया गया है। 10 से 15 दिनों में रिकॉर्ड सही तरीके से तैयार नहीं हो पाता, उसको जल्दी तैयार कराने के लिए पटवारियों और कानूनगो का शोषण किया जाता है। पटवार भवन में काम कराने पहुंचे किसान सुरेंद्र सिंह, अजैब सिंह का कहना है कि वे पिछले कई दिनों से खेत की नकल लेने के लिए आ रहे हैं, लेकिन पटवारियों की हड़ताल के चलते खाली हाथ ही घर वापस जाना पड़ रहा है।
वेतन में आई टेक्निकल समस्या को दुरुस्त करें सरकार : डॉ. साहब सिंह
एसोसिएशन के जिला के प्रधान डॉ. साहब सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 32100 का पे स्केल जारी करने के आदेश अधिकारियों को दिए थे, लेकिन अधिकारियों ने इसे प्रोस्पेक्टिव स्तर पर लागू कर दिया। इसके कारण पिछले कई वर्षों से काम करने वाले और नए भर्ती हुए पटवारियों का स्तर एक ही हो गया। पिछले कई वर्षों से काम कर रहे पटवारियों और कानूनगो का अनुभव ही खत्म हो गया और पटवारी और कानूनगो के वेतन में टेक्निकल समस्या आ गई। इसको ठीक करने के लिए किसी ने आज तक प्रयास नहीं किया, जब तक इस टेक्निकल समस्या का समाधान नहीं होगा। पे स्केल में भी बढ़ोतरी नहीं होगी। इसके लिए सभी पटवारियों और कानूनगो को हड़ताल करने पर मजबूर होना पड़ रहा हैं। जब तक प्रदेश सरकार पे स्केल नहीं बढ़ाएगी हड़ताल जारी रहेगी।
मांग न मानने तक जारी रहेगी हड़ताल : राजपाल
एसोसिएशन के उपप्रधान राजपाल का कहना है कि प्रदेश सरकार की ओर से अभी तक राज्य कार्यकारिणी को बातचीत के लिए नहीं बुलाया गया है, इसलिए हड़ताल मांग मानने तक जारी रहेंगी। पे स्केल को लेकर सरकार जिलेभर के सभी पटवारी और कानूनगो का शोषण कर रही है। जबकि पटवारियों को दो तीन सीटों का चार्ज दिया जाता है। सरकार पटवारियों की भर्ती भी पिछले कई वर्ष से नहीं कर रही है।
कुरुक्षेत्र। मांगों को लेकर नारेबाजी कर रोष जताते पटवारी व कानूनगो।संवाद
कुरुक्षेत्र। मांगों को लेकर नारेबाजी कर रोष जताते पटवारी व कानूनगो।संवाद