इस्माईलाबाद। विधायक मनदीप सिंह चठ्ठा ने क्षेत्र की खराब सड़कों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में शहर और ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि गांवों को शहर से जोड़ने वाली और शहर से कुरुक्षेत्र जाने वाली प्रमुख सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। झांसा-कुरुक्षेत्र सड़क पर उन्होंने कहा कि यहां वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। झांसा के पास सड़क को कई महीने पहले उखाड़ा गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ। चठ्ठा ने कहा कि इस मुद्दे को वे विधानसभा में भी उठा चुके हैं, लेकिन सरकार केवल आश्वासन देती है, जमीनी स्तर पर सुधार नजर नहीं आता। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक प्रधान मोहनलाल भांवरा ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ठसका रोड, रोशनपुर रोड सहित कई सड़कों की हालत खराब है। उन्होंने गेहूं सीजन में गेट पास व्यवस्था को लेकर भी किसानों की परेशानी का मुद्दा उठाया।