कुरुक्षेत्र। मांग को लेकर जिले भर के पटवारी और कानूनगो 14 वें दिन भी मंगलवार को भी हड़ताल पर रहे, जिसके चलते पटवार भवन खाली नजर आए तो वहीं पटवार कार्यालय में काम कराने पहुंचे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दि पटवार कानूनगो एसोसिएशन के बैनर तले जिले भर के 62 पटवारी और 17 कानूनगो पे स्केल की मांग को लेकर तीन जनवरी से हड़ताल पर है, जिसके चलते अब तक 1800 रजिस्ट्रियां अटक चुकी हैं, जबकि खेतों पर होने वाले लोन, जमाबंदी, नकल के काम भी पुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
जिले भर के पटवारियों और कानूनगो ने मंगलवार को भी पटवार भवन परिसर में दिनभर जमकर नारेबाजी की और काम का बहिष्कार कर कड़ा रोष जताया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि पटवारियों और कानूनगो का प्रदेश सरकार शोषण कर रही हैं। पटवारियों से काम ज्यादा लिया जा रहा है, जबकि पे स्केल काफी कम है। जिले भर में 105 के करीब पटवारियों के पद है जिसमें से 62 पटवारी ही काम करे रहे है, जबकि 43 पटवारियों के पद खाली हैं, जोकि प्रदेश सरकार की ओर से पिछले कई वर्षों से नहीं भरे गए हैं। एक पटवारी को दो जगहों पर काम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
वेतन में आई टेक्निकल समस्या को दुरुस्त करें सरकार : डॉ. साहब सिंह
एसोसिएशन के जिला के प्रधान डॉ. साहब सिंह ने बताया कि पे स्केल की मांग को लेकर जिलेभर के सभी पटवारी और कानूनगो पिछले 14 दिनों से हड़ताल पर हैं, लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से अब तक राज्य कार्यकारिणी को बैठक के लिए नहीं बुलाया गया है। जब तक सरकार पटवारियों और कानूनगो के वेतन में आए टेक्निकल समस्या का समाधान नहीं करेंगी तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
हड़ताल कब होगी खत्म : सन्नी
मारकंडा खेड़ी के सन्नी का कहना है कि वे पटवारी से रिकॉर्ड से संबंधित काम कराने के लिए पटवार भवन आए थे, लेकिन पटवारियों की हड़ताल के चलते काम नहीं हो सका, जिसके चलते अब बिना काम कराए ही वापस जाना पड़ेगा। पिछले कई दिनों से हड़ताल के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब हड़ताल कब खत्म होगी पता ही नहीं।
कुरुक्षेत्र। मांगों को लेकर रोष जताते पटवारी व कानूनगो। संवाद।
कुरुक्षेत्र। मांगों को लेकर रोष जताते पटवारी व कानूनगो। संवाद।